केदारनाथ धाम में सरकारी संपत्ति को नुकसान, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

रुद्रप्रयाग | केदारनाथ धाम में यात्रा के दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। अराजक तत्वों द्वारा सार्वजनिक शौचालयों और अन्य जन-सुविधाओं में तोड़फोड़ किए जाने पर कोतवाली सोनप्रयाग में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुलभ इंटरनेशनल के सुपरवाइजर मिंटू पाठक की ओर से दी गई लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। तहरीर में बताया गया है कि सेक्टर केदारनाथ, हेलीपैड तथा घोड़ा पड़ाव क्षेत्र में स्थापित सार्वजनिक शौचालयों में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोड़फोड़ की गई है।
केदारनाथ धाम स्थित हाट बाजार, पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे, पंजाब सिंध भवन के समीप और बेस कैंप क्षेत्र में पांच दरवाजों को क्षतिग्रस्त किया गया है। इसके अलावा विभिन्न सेक्टरों में लगे नल और सिस्टन भी तोड़े गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि केदारनाथ यात्रा की गरिमा और जन-सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं को बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



