हरिद्वार में निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, नाम बदलकर रह रहा था हरिद्वार

हरिद्वार: निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नगर कोतवाली क्षेत्र के उत्तरी हरिद्वार स्थित भूपतवाला में शुक्रवार को लालमाता मंदिर के सामने चाय के खोखे के भीतर उसका शव फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुरेंद्र कोली पिछले कुछ महीनों से हरिद्वार में नाम बदलकर रह रहा था। वह ‘सदाराम’ नाम से रह रहा था। पुलिस के अनुसार, वह कुछ समय पथरी के मुस्तफाबाद में भी रहा था। इसके बाद भूपतवाला क्षेत्र में चाय का खोखा चलाने लगा। उसने अनिल शर्मा नाम के युवक से करीब चार दिन पहले ही दुकान किराए पर ली थी और इसी खोखे में रह रहा था।
शुक्रवार को किसी समय उसने खोखे के भीतर फंदा लगा लिया। आसपास के लोगों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। मृतक की पहचान सुरेंद्र कोली पुत्र शंकु राम, निवासी ग्राम मंगरुखाल, भिकियासैंण, अल्मोड़ा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार उसकी असली पहचान जेब से मिले आधार कार्ड और वोटर कार्ड से हुई।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि हरिद्वार आने से पहले सुरेंद्र कोली रोशनाबाद में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। अब पुलिस उसके हरिद्वार में रहने के दौरान संपर्क में आए लोगों और उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने आत्महत्या किस वजह से की।
परिवार से जुड़े सामने आए तथ्य
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, निठारी कांड में गिरफ्तारी के बाद सुरेंद्र कोली के परिवारवालों ने उससे रिश्ता खत्म कर लिया था। बताया गया है कि 2006 में गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी आखिरी बार जेल में उससे मिलने आई थी। इसके बाद उसने उससे रिश्ता खत्म कर हरियाणा में किसी अन्य व्यक्ति से विवाह कर लिया था।
सुरेंद्र कोली के दो भाई बताए गए हैं। इनमें से एक भाई अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहता है, जबकि दूसरा भाई अल्मोड़ा में एक निजी स्कूल में शिक्षक है। उसकी भाभी एएनएम का काम करती हैं। पैतृक घर में उसकी मां रहती थीं, लेकिन कुछ वर्ष पहले उनका भी निधन हो गया।
निठारी कांड में आया था नाम
सुरेंद्र कोली का नाम उत्तर प्रदेश के चर्चित निठारी कांड में सामने आया था। इस मामले में वह आरोपी रहा है। हरिद्वार में उसकी मौत की सूचना के बाद पुलिस अब उसके यहां रहने, परिचितों और पिछले कुछ समय की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पारिवारिक क्लेश के चलते आत्महत्या किए जाने की आशंका है, हालांकि इसकी अभी स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से किसी सुसाइड नोट की जानकारी मिली है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।



