भारी बारिश को लेकर उत्तराखंड हाई अलर्ट पर, CM धामी ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने बुधवार को देहरादून और बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए दोनों जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों, पर्यटकों और चारधाम यात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून और बागेश्वर में भारी से अति भारी वर्षा के साथ वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 अगस्त तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में 10 अगस्त तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, अचानक बाढ़ और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने देहरादून और बागेश्वर में सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में बुधवार को अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री धामी ने दिए हाई अलर्ट के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही SDRF, NDRF और सभी जिला प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने और राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से अपील की कि वे मौसम विभाग और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। उन्होंने विशेष रूप से चारधाम यात्रियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने का आग्रह किया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अफवाहों से बचें।



