उत्तराखंड में 1 अक्टूबर से शुरू होगी मिलेट्स की खरीद, 250 केंद्रों पर किसानों से सीधे खरीदेगा UCF

देहरादून। पर्वतीय क्षेत्रों में पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (UCF) एक अक्टूबर से बड़े स्तर पर मिलेट्स की खरीद शुरू करेगा। मिलेट्स मिशन योजना के तहत इस फसली वर्ष प्रदेशभर में 250 क्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों से सीधे मंडुवा, झंगोरा, तिलहन, चौलाई, दालें और अन्य पहाड़ी उत्पादों की खरीद की जाएगी।
सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से पर्वतीय क्षेत्रों में पारंपरिक कृषि को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने पारंपरिक और मोटे अनाज की खेती छोड़ दी थी, वे दोबारा इस ओर लौट रहे हैं। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को शत-प्रतिशत जैविक राज्य बनाना है और पर्वतीय क्षेत्रों में जैविक खेती से किसानों को लाभ मिल रहा है।
इस साल मंडुवा 52.05 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा जाएगा। पिछले साल मंडुवा 48.86 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा गया था। वहीं, सोयाबीन, दाल, झंगोरा, चौलाई और अन्य सूखे अनाज व पहाड़ी उत्पादों की खरीद बाजार मूल्य के आधार पर की जाएगी।
मिलेट्स खरीद को लेकर सभी जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को खरीद केंद्रों और निर्धारित खरीद मूल्य की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान योजना का लाभ उठा सकें। साथ ही किसानों को भुगतान डीबीटी के माध्यम से करने को कहा गया है।
उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ के प्रबंध निदेशक आनंद शुक्ल ने बताया कि इस फसली वर्ष किसानों से उपज खरीदने के लिए प्रदेशभर में 250 क्रय केंद्र खोले गए हैं। पिछले साल 214 केंद्रों के माध्यम से खरीद की गई थी। उन्होंने बताया कि यूसीएफ हाट के जरिए भी किसानों के उत्पादों की खरीद और विपणन को बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों से खरीदे गए उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और बेहतर मार्केटिंग की जाएगी, जिससे उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिल सके और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त हो।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में यूसीएफ ने प्रदेश के 214 क्रय केंद्रों के जरिए कुल 53,860.652 कुंतल मंडुवा खरीदा था। यह खरीद 11,153 किसानों से की गई थी। पिछले वर्ष चमोली जिले में सबसे अधिक मंडुवे की खरीद हुई थी, जबकि सबसे अधिक किसानों ने टिहरी जिले में अपनी उपज बेची थी। कुमाऊं मंडल में पिथौरागढ़ जिला मंडुवा खरीद के मामले में सबसे आगे रहा था।



