उत्तराखंड में अगले छह दिन बारिश के आसार, 26 से 28 सितंबर तक सभी जिलों में बारिश का अनुमान
देहरादून: मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले छह दिनों के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। आज और कल राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना है। इसके बाद 26 से 29 सितंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार 24 सितंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
शुक्रवार 25 सितंबर को बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं, शेष पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ बादलों की गर्जना हो सकती है।
26 से 28 सितंबर तक अधिकांश स्थानों पर बारिश
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार 26 सितंबर को राज्य के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। रविवार 27 सितंबर को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने का अनुमान है।
सोमवार 28 सितंबर को भी उत्तराखंड के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
वहीं, मंगलवार 29 सितंबर को पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ बादलों की गड़गड़ाहट हो सकती है। राज्य के शेष जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान है।
सितंबर में मानसून की विदाई शुरू होती है
उत्तराखंड में मानसून की शुरुआत आमतौर पर 20 से 25 जून के बीच होती है। कभी-कभी मानसून जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरी तरह सक्रिय होता है। जुलाई और अगस्त में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होती है। सितंबर के दूसरे या अंतिम सप्ताह तक मानसून उत्तराखंड से विदा होना शुरू हो जाता है।



