उत्तराखंड SIR पर बड़ा अपडेट: 1.07 लाख से अधिक आपत्तियों की निगरानी के लिए 9 अधिकारी तैनात

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर चल रही दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया की निगरानी के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने 9 आईएएस/पीसीएस अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किया है। प्रदेश में अब तक 1.07 लाख से अधिक मतदाताओं के नामों पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं। इनमें हरिद्वार की पिरान कलियर विधानसभा सीट से विधायक फुरकान अहमद का नाम भी शामिल है।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले की 22 विधानसभा सीटों में दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की निगरानी के लिए अधिकारियों की तैनाती की है।
हरिद्वार में चार अधिकारी तैनात
आदेश के अनुसार हरिद्वार जिले में डॉ. संदीप तिवारी, ललित नारायण मिश्र, नन्द कुमार और गोपाल राम बिनवाल को पर्यवेक्षण अधिकारी बनाया गया है। वहीं नैनीताल जिले में संजय कुमार और ऊधमसिंह नगर में प्रकाश चन्द्र दुम्का, जय किशन, विनीत तोमर एवं दिवेश शाशनी को जिम्मेदारी दी गई है।
नोटिस से लेकर सुनवाई तक होगी निगरानी
पर्यवेक्षण अधिकारी संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची से जुड़े दावे और आपत्तियों के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। इसमें नोटिस वितरण, नोटिस की तामीली और सुनवाई की प्रक्रिया शामिल है। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुसार दावों-आपत्तियों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो।
हफ्ते में दो बार देनी होगी रिपोर्ट
नामित अधिकारियों को अपने दैनिक निरीक्षण की रिपोर्ट संबंधित मंडलायुक्त के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को सप्ताह में दो बार भेजनी होगी। इसके लिए Manual on Electoral Roll-2023 के अध्याय-11 में निर्धारित पुनरीक्षण प्रक्रिया और रिपोर्टिंग प्रारूप का पालन किया जाएगा।
आदेश के मुताबिक, निर्धारित पुनरीक्षण अवधि तक सभी नामित अधिकारी आयोग के नियंत्रण, पर्यवेक्षण और अनुशासन के अधीन रहेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।


