
देहरादून
“दून पुलिस है आपके साथ” – इस संदेश को साकार करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दून अजय सिंह ने शनिवार को मानवीय संवेदनशीलता की एक मिसाल पेश की।
शनिवार को 83 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय पहुँचे। बुजुर्ग की उम्र अधिक होने और चलने-फिरने में असमर्थता की जानकारी मिलते ही एसएसपी दून स्वयं अपने कार्यालय से बाहर आए और बुजुर्ग के वाहन के पास जाकर उनसे मुलाकात की।

बुजुर्ग ने बताया कि वे अपने घर में अकेले रहते हैं और उन्होंने एक व्यक्ति को किरायेदार रखा था, जिसने भरोसे में लेकर उनसे बड़ी धनराशि ले ली। अब वह लगातार पैसे लौटाने से बच रहा है और उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहा है।
एसएसपी अजय सिंह ने मौके पर ही प्रभारी निरीक्षक बसंत विहार को तत्काल जांच कर मामले को प्राथमिकता से निपटाने और बुजुर्ग की धनराशि वापस दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी आदेश दिया कि समय-समय पर पुलिस टीम बुजुर्ग के घर जाकर उनकी कुशलक्षेम पूछे और हर संभव मदद उपलब्ध कराए।
एसएसपी दून का यह कदम न केवल पुलिस की संवेदनशीलता को दर्शाता है बल्कि यह भी साबित करता है कि दून पुलिस आमजन, खासकर असहाय और बुजुर्ग नागरिकों के लिए हमेशा तत्पर है।



