उत्तराखंड

VVIP दौरे को लेकर देहरादून में ट्रैफिक प्लान जारी, 19 और 20 अगस्त को इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन

Listen to this article

देहरादून। प्रस्तावित VVIP भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए देहरादून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट का निरीक्षण कर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।

VVIP भ्रमण के मद्देनजर 19 और 20 अगस्त 2026 को शहर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस के अनुसार 19 अगस्त को दोपहर 1 बजे से 3:30 बजे तक, 20 अगस्त को सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक और दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक रूट डायवर्जन रहेगा।

ऋषिकेश से देहरादून या मसूरी आने वाले वाहनों को रानीपोखरी-भोगपुर, थानो, छह नंबर पुलिया, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक के रास्ते देहरादून भेजा जाएगा। मसूरी जाने वाले वाहनों को सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर होते हुए आगे भेजा जाएगा।

हरिद्वार से देहरादून आने वाले वाहनों को भानियावाला फ्लाईओवर, डोईवाला चौक, दूधली मार्ग और कारगी चौक के रास्ते शहर में प्रवेश कराया जाएगा। मसूरी जाने वाले वाहनों को कारगी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, बल्लूपुर, कैंट और अनारवाला होते हुए मसूरी भेजा जाएगा।

आशारोड़ी और प्रेमनगर क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, बल्लूपुर चौक, कैंट और अनारवाला का रूट निर्धारित किया गया है। वहीं देहरादून से हरिद्वार या ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को कारगी चौक, दूधली, डोईवाला, भानियावाला, लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहे के रास्ते भेजा जाएगा।

मसूरी से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को जेपी बैंड, बार्लोगंज, कुठालगेट, ओल्ड मसूरी रोड, साईं मंदिर, काठ बंगला पुलिया, किरशाली चौक, आईटी पार्क और सहस्त्रधारा क्रॉसिंग होते हुए थानो रोड की ओर भेजा जाएगा।

इसी तरह ईसी रोड, घंटाघर और हाथीबड़कला-दिलाराम की ओर से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। ईसी रोड से आने वाले वाहन सर्वे चौक, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर होते हुए मसूरी जाएंगे। घंटाघर और दिलाराम क्षेत्र से आने वाले वाहनों को ग्रेट वैल्यू, कैनाल रोड, काठ बंगला पुल और साईं मंदिर के रास्ते भेजा जाएगा।

पुलिस ने इन स्थानों को बनाया डायवर्जन प्वाइंट

भोगपुर तिराहा, भानियावाला फ्लाईओवर, दूधली रोड, कारगी चौक, शिमला बाईपास चौक, एनेक्सी तिराहा, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, साईं मंदिर, दिलाराम चौक, ग्रेट वैल्यू तिराहा, साईं मंदिर तिराहा और कुठालगेट तिराहे पर यातायात डायवर्जन की व्यवस्था रहेगी।

पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित रूट और डायवर्जन का पालन करने की अपील की है। मुख्य मार्ग, सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन पार्क नहीं करने को कहा गया है। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक एंबुलेंस, पुलिस और फायर सर्विस जैसे अति आवश्यक सेवा वाहनों को नहीं रोका जाएगा। पेट्रोल, दूध, गैस और सब्जी जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाएगा। पुलिस ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, वैकल्पिक मार्ग अपनाने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!