
देहरादून पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्ती दिखाते हुए सोमवार (23 सितंबर 2025) को बड़ी कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देश पर सीपीयू देहरादून की टीम ने ISBT क्षेत्र में डगामार वाहन, नो पार्किंग में खड़े वाहन तथा लेफ्ट टर्न बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।
निरीक्षक सीपीयू नरेश भोर्याल और उप निरीक्षक दीवान सिंह गुसाईं के नेतृत्व में गठित टीम ने अभियान के दौरान कुल 28 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की।

पुलिस को क्षेत्र से लगातार शिकायतें व सुझाव प्राप्त हो रहे थे कि अवैध रूप से खड़े वाहन और नियम विरुद्ध चल रहे डगामार वाहन न केवल जाम का कारण बन रहे हैं, बल्कि यातायात व्यवस्था को भी बाधित कर रहे हैं। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नियम तोड़ने वाले चालकों पर शिकंजा कसा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस ने साफ कहा है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



