देहरादून। आस्था के सबसे बड़े पर्व चारधाम यात्रा की विधिवत शुरुआत हो चुकी है, लेकिन इस बार यात्रा की राह आसान नहीं दिख रही। एक ओर मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के चलते एलपीजी गैस की किल्लत सामने आ रही है, तो दूसरी ओर मौसम विभाग ने कई पहाड़ी जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में यात्रियों और प्रशासन दोनों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट
अक्षय तृतीया के अवसर पर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। अब 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने हैं।
हालांकि यात्रा शुरू होते ही गैस आपूर्ति और मौसम को लेकर नई चुनौतियां सामने आ गई हैं।
आठ जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।
20 अप्रैल को देहरादून, टिहरी और नैनीताल में भी हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं।
तेज हवाओं की चेतावनी
19 और 20 अप्रैल के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है।
40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।
लोगों और यात्रियों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
22-23 अप्रैल को मिलेगी राहत
मौसम विभाग के मुताबिक 22 और 23 अप्रैल को प्रदेशभर में मौसम साफ रहने की संभावना है। इन दो दिनों में किसी प्रकार की चेतावनी नहीं है, जिससे केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के दौरान यात्रियों को राहत मिल सकती है।
हालांकि 24 और 25 अप्रैल को फिर से पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप
उधर, उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में लू जैसी गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया है। देहरादून में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और पंतनगर में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार पिछले 24 घंटों में मैदानी इलाकों का तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा है।
प्रशासन अलर्ट, यात्रियों से सतर्कता की अपील
चारधाम यात्रा के दौरान मौसम और गैस आपूर्ति की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम अपडेट अवश्य जांच लें और आवश्यक सावधानियां बरतें।



