
उत्तराखंड शासन ने 28 मार्च 2026 को “अर्थ आवर (Earth Hour)” मनाने के संबंध में सभी विभागों को निर्देश जारी किए हैं। शासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए गैर-जरूरी लाइटों को बंद रखा जाए।
शासन के सचिव विनोद कुमार सुमन द्वारा जारी पत्र के अनुसार, यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। यह पहल विश्व स्तर पर संचालित अभियान का हिस्सा है, जिसमें ऊर्जा बचत और जलवायु परिवर्तन के प्रति लोगों को जागरूक किया जाता है।
पत्र में सभी प्रमुख सचिवों, विभागाध्यक्षों, पुलिस महानिदेशक, मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने स्तर पर इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और निर्धारित समय पर अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
साथ ही, WWF इंडिया सचिवालय के अनुरोध के अनुरूप प्रदेश के सभी कार्यालयों और संस्थानों को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने को कहा गया है।
शासन ने स्पष्ट किया है कि इस एक घंटे के प्रतीकात्मक प्रयास के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जनसामान्य में सकारात्मक संदेश देने का लक्ष्य है।



