उत्तराखंड

छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के बाद दो गुट भिड़े, पुलिस ने किया लाठीचार्ज; तीन घायल

Listen to this article

रुद्रपुर। बाजपुर के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के बाद दो छात्र गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कॉलेज के बाहर छात्रों की भीड़ जुट गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस कार्रवाई में एक छात्रा समेत तीन विद्यार्थी घायल हो गए। इसके बाद निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष और एक अधिवक्ता समेत छह लोगों को हिरासत में लिए जाने पर छात्र और अधिवक्ता कोतवाली पहुंच गए, जहां काफी देर तक हंगामा हुआ।

शुक्रवार को कॉलेज परिसर में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से चल रही थी। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर करीब तीन बजे दो छात्र गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और कॉलेज के बाहर छात्रों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर एसएसआई जसविंदर सिंह और एसआई देवेंद्र भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, स्थिति बिगड़ने पर भीड़ को अलग करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। वहीं, छात्रों ने पुलिस पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया।

पुलिस कार्रवाई की चपेट में आने से पूर्व कोषाध्यक्ष और सचिव पद के प्रत्याशी ध्रुव के प्रस्तावक विश्वजीत सिंह चौहान, छात्रा गुनगुन पवार और लोकेश घायल हो गए। पुलिस ने घायल विश्वजीत और लोकेश का सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया।

इसके बाद पुलिस ने कॉलेज गेट से निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र बोरा और अधिवक्ता रोशन पटेल समेत छह लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। अधिवक्ता को हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलने पर स्थानीय वकील भी कोतवाली पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

मामला बढ़ता देख कोतवाल नरेश चौहान ने हस्तक्षेप किया और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए अधिवक्ता और छात्रों को छोड़ दिया।

वहीं, अल्मोड़ा में छात्रसंघ चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महिला उपाध्यक्ष, महासचिव, उपसचिव, कोषाध्यक्ष और सांस्कृतिक सचिव पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। परिसर के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर संजीव आर्या के अनुसार, शनिवार को दोपहर दो बजे तक नामांकन होंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच कर शाम तक प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाएंगे।

सोमवार को परिसर में जनरल गैदरिंग होगी, जिसमें सभी प्रत्याशी एक-एक कर अपनी बात रखेंगे। मंगलवार 29 सितंबर को मतदान होगा। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक चलेगा और दोपहर तीन बजे से मतगणना शुरू होगी। देर शाम तक परिणाम घोषित कर विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई जाएगी।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!