
देहरादून। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के मोहब्बेवाला में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर धर्मपुर विधायक श्री विनोद चमोली और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटनाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए दोनों ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण उत्पन्न हो रही समस्याओं और लगातार सामने आ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर विधायक एवं जिलाधिकारी को अवगत कराया। विशेष रूप से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय पैदल राहगीरों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
निरीक्षण के दौरान विधायक विनोद चमोली ने कहा कि मोहबेवाला क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।

वहीं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मौके की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा उपायों और यातायात व्यवस्था को लेकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
विधायक और जिलाधिकारी के संयुक्त स्थलीय निरीक्षण से साफ है कि मोहबेवाला में लगातार हो रही दुर्घटनाओं के मामले को प्रशासन और जनप्रतिनिधि दोनों गंभीरता से ले रहे हैं। क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को लेकर सड़क एवं यातायात व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कमल राठौर, पार्षद श्री सुधीर थापा, दीपक नेगी, सोनू मित्तल, अभिषेक परमार, वरिष्ठ नेता महेश पांडे, पूर्व प्रधान श्री भगवान सिंह बिष्ट और वीरेन्द्र कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



