नैनीताल में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी कार; एक ही परिवार के चार समेत पांच की मौत

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास सड़क पर ढैला गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार यूपी नंबर की कार भवाली से रातीघाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान ढैला गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई में समा गई। दुर्घटना स्थल घने जंगल के बीच होने के कारण हादसे की जानकारी काफी देर बाद मिल सकी।
स्थानीय लोगों ने खाई में गिरे वाहन को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम रास्ता और गहरी खाई होने के कारण बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा।
रेस्क्यू टीम जब नीचे पहुंची तो कार पूरी तरह चकनाचूर हालत में मिली। वाहन में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद राहत एवं बचाव दल ने शवों को खाई से बाहर निकाला।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान खटीमा निवासी 48 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चुफाल, उनकी पत्नी 45 वर्षीय सीमा कैड़ा चुफाल, 19 वर्षीय पुत्र वासु चुफाल और 12 वर्षीय पुत्री रवी चुफाल के रूप में हुई है। वहीं वाहन चालक 34 वर्षीय अनुज कुमार मिश्रा निवासी आलमनगर, लखनऊ की भी हादसे में मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार परिवार नैनीताल घूमने आया हुआ था। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास सड़क पर कई खतरनाक मोड़ और गहरी खाइयां हैं, जिसके चलते यहां दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।



