उत्तराखंड

उत्तराखंड में तूफान ने मचाई तबाही, चंद्रशिला में दो पर्यटकों की मौत, कई जिलों में जनजीवन प्रभावित

Listen to this article

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में शुक्रवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई। रुद्रप्रयाग जिले के तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र स्थित चंद्रशिला में आकाशीय बिजली गिरने से लखनऊ के दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन पर्यटक घायल हो गए। वहीं प्रदेश के कई जिलों में बिजली, पानी और यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित रही।

 

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में मौसम अचानक खराब हो गया, जिससे बड़ी संख्या में पर्यटक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन ने डीडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमों को मौके पर रवाना किया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 45 से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

 

इस बीच चंद्रशिला क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से लखनऊ निवासी 19 वर्षीय अभिनव वाजपेयी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल उनके बड़े भाई 22 वर्षीय अभिषेक वाजपेयी ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं उन्नाव निवासी शुभम शुक्ला, आजन मिश्रा और नीव मिश्रा घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में भर्ती कराया गया है।

 

ऊखीमठ थाना प्रभारी मनोज नेगी ने दोनों भाइयों की मौत की पुष्टि करते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान ट्रेकिंग और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

 

कई जिलों में बिजली-पानी व्यवस्था चरमराई

 

आंधी-तूफान और बारिश के कारण प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित रहा। पौड़ी, टिहरी, कोटद्वार, हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश और विकासनगर समेत कई क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित हो गई।

 

रुड़की में 200 से अधिक पेड़ गिर गए और 80 से ज्यादा बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही। विकासनगर क्षेत्र में 73 बिजली पोल टूट गए और करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी विद्युत लाइन को नुकसान पहुंचा। ऋषिकेश में 50 से अधिक पेड़ गिरने से शहर में लगभग 16 घंटे तक बिजली गुल रही। मसूरी और देहरादून में भी कई स्थानों पर नुकसान की खबरें सामने आईं।

 

हाईवे पर गिरे पेड़, तीन घंटे तक रुका यातायात

 

तेज तूफान के कारण रुड़की-देहरादून मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों और हाईवे पर भारी-भरकम पेड़ गिर गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। राजमहल होटल, मिलिट्री अस्पताल, गणेशपुर गंगनहर, नगला इमरती, ढंडेरा फाटक और लक्सर रोड के आसपास सड़क पर पेड़ गिरने से लंबा जाम लग गया।

 

सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ों को काटकर सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!