देहरादून के हाई सिक्योरिटी जोन में मंदिर से चांदी का छत्र चोरी, पुलिस ने 48 घंटे में आरोपी दबोचा

देहरादून: राजधानी देहरादून के हाई सिक्योरिटी जोन में स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर से शिवलिंग पर लगा चांदी का छत्र चोरी करने वाले आरोपी को डालनवाला पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया चांदी का छत्र भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
26 जून को हुई थी दिनदहाड़े चोरी
पुलिस के अनुसार, 26 जून को दिलाराम बाजार स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई थी। मंदिर के प्रबंधक अरविंद प्रसाद ने डालनवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने शिवलिंग पर लगा चांदी का छत्र चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में हुई वारदात से उठे सवाल
चोरी की घटना ऐसे इलाके में हुई, जहां 24 घंटे पुलिस की तैनाती रहती है। मंदिर से करीब 400 मीटर की दूरी पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का सरकारी आवास है, जबकि राजभवन और मुख्यमंत्री आवास भी लगभग एक किलोमीटर के दायरे में स्थित हैं। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से आरोपी गिरफ्तार
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने नया गांव रोड, हाथीबड़कला के पास से आरोपी योगेश सेमवाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी किया गया चांदी का छत्र भी बरामद हुआ।
नशे की लत पूरी करने के लिए की चोरी
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने मंदिर से चांदी का छत्र चोरी किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।



