उत्तराखंड

हरिद्वार में लग्जरी बसों पर परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन,मिलीं गंभीर खामियां; 12 बसें सीज

Listen to this article

हरिद्वार: हरिद्वार जिले में मानकों के विपरीत संचालित लग्जरी बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान 80 लग्जरी बसों का चालान किया गया, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 12 बसों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा 15 बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है।

 

शिकायतों के बाद चला विशेष अभियान

 

परिवहन विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई लग्जरी बसें बिना निर्धारित बस स्टॉप के हाईवे पर सवारियां भर रही हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया।

 

तकनीकी जांच में मिलीं गंभीर खामियां

 

एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में बसों के परमिट, फिटनेस, तकनीकी सुरक्षा मानकों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान कई बसें परमिट की शर्तों का उल्लंघन करती मिलीं, जबकि कुछ वाहनों की तकनीकी स्थिति सड़क सुरक्षा के लिहाज से बेहद खराब पाई गई।

 

एक बस में आगे-पीछे अलग-अलग नंबर प्लेट

 

अभियान के दौरान एक लग्जरी बस में आगे और पीछे अलग-अलग नंबर प्लेट लगी मिली। इस गंभीर अनियमितता पर एआरटीओ नेहा झा ने बस को तत्काल सीज कर दिया। चालक के खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए बस का फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की भी संस्तुति की गई है।

 

यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं

 

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिवहन नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह का सघन अभियान जारी रहेगा। साथ ही वाहन स्वामियों और चालकों से नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की गई।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!