पर्वतीय जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी, भूस्खलन और सड़क बंद होने का खतरा
उत्तराखंड मौसम: उत्तराखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 4 से 6 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार को विशेष रूप से पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों और यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है।
भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, 4 जुलाई को पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं तेज से अति तेज बारिश हो सकती है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। भारी बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और मलबा आने की आशंका जताई गई है। इससे कई सड़कें और राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो सकते हैं।
5 जुलाई को इन जिलों में बारिश की संभावना
5 जुलाई को देहरादून, टिहरी, चमोली, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश से बागवानी और धान, मक्का, बाजरा, सेम तथा चना जैसी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही खराब मौसम के कारण हवाई और हेलीकॉप्टर सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.8 डिग्री दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम 36.7 और न्यूनतम 25 डिग्री, मुक्तेश्वर में अधिकतम 24 और न्यूनतम 16.1 डिग्री तथा नई टिहरी में अधिकतम 25.8 और न्यूनतम 15.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हल्द्वानी में ऑरेंज अलर्ट बेअसर, उमस से लोग परेशान
मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बावजूद हल्द्वानी में गुरुवार को बारिश नहीं हुई। शुक्रवार को हल्के बादलों के बीच धूप निकलने से उमस बढ़ गई। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा में नमी 41 प्रतिशत रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वातावरण में नमी की कमी के कारण बादल पर्याप्त बारिश नहीं कर पाए।
नैनीताल में मौसम खुलते ही लौटे पर्यटक
लगातार बारिश के बाद शुक्रवार को नैनीताल में मौसम साफ होने से पर्यटकों की आवाजाही फिर बढ़ गई। वीकेंड को देखते हुए उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंचे। होटल एसोसिएशन के अनुसार शुक्रवार को आठ हजार से अधिक पर्यटक शहर पहुंचे। मौसम साफ होने के साथ नैनीताल का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।



