उत्तराखंड मौसम अपडेट: भारी बारिश की चेतावनी, पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा; 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी
देहरादून : उत्तराखंड में इस हफ्ते मानसून के और सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही प्रदेश के 8 जिलों में गरज के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट लागू किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश हो सकती है। हरिद्वार में बिजली चमकने की आशंका जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और नदी-नालों में उफान का खतरा भी बना हुआ है।
दून में गर्मी के बाद शाम को हुई बारिश
रविवार को देहरादून में दिनभर धूप और उमस रही। अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक था। दिन में गर्मी से लोग परेशान रहे लेकिन शाम होते-होते कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई जिससे मौसम सुहावना हो गया।
चमियाला बाजार में पहाड़ी से गिरे बोल्डर
भिलंगना क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। शनिवार देर रात चमियाला बाजार के ऊपर पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर नीचे आ गिरे। बोल्डर गिरने से पूर्व सभासद शिवेंद्र रतूड़ी की दुकान की छत पूरी तरह टूट गई और आसपास की कई दुकानों के शटर भी क्षतिग्रस्त हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा रात में होने की वजह से बड़ा हादसा टल गया। यदि यह दिन में होता तो जानमाल का नुकसान हो सकता था। व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
हरिद्वार में बढ़ा पारा
हरिद्वार में रविवार को गर्मी का असर तेज रहा। आईआईटी कृषि मौसम वेधशाला के मुताबिक धर्मनगरी में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार की तुलना में अधिकतम तापमान 3.6 डिग्री बढ़ गया। दिनभर तेज धूप और उमस से लोग परेशान दिखे।
प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के पास न जाएं और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में यात्रा करने से बचें। पहाड़ों में सफर करने से पहले मौसम का अपडेट लेना जरूरी है।



