देहरादून-मसूरी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक, पानीवाला बैंड में सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त

देहरादून। देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास सड़क की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने भारी वाहनों की आवाजाही पर अग्रिम आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया है। उप जिला मजिस्ट्रेट मसूरी राहुल आनंद ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया कि अत्यधिक बारिश के कारण पानीवाला बैंड पर मार्ग के किनारे पूर्व में निर्मित सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। दीवार के क्षतिग्रस्त होने से मार्ग भारी वाहनों के आवागमन के लिए असुरक्षित हो गया है।
लोक निर्माण विभाग ने आशंका जताई है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है। रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए उप जिला मजिस्ट्रेट ने आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को अग्रिम आदेश तक प्रतिबंधित कर दिया।
आदेश के अनुपालन की जिम्मेदारी संबंधित विभागों और पुलिस को सौंपी गई है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को क्षतिग्रस्त मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने और इसे आमजन की आवाजाही के लिए सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, कोतवाली मसूरी और राजपुर थाना पुलिस को प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। कोतवाली मसूरी को पानीवाला बैंड क्षेत्र में 24 घंटे आवश्यक पुलिस बल तैनात रखने को भी कहा गया है।
भारी बारिश के बीच प्रशासन के इस निर्णय से फिलहाल देहरादून-मसूरी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। मार्ग की मरम्मत पूरी होने और इसे सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही प्रतिबंध हटाने पर निर्णय लिया जाएगा।



