देहरादून में मार्च 2027 तक बिजली की लाइनें होंगी अंडरग्राउंड, लाइनमैन की सुरक्षा के लिए भी नई व्यवस्था

देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने देहरादून शहर को बिजली के तारों की झंझट से राहत दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शहर की सभी बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड करने का काम किया जा रहा है और इसे मार्च 2027 से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जिन स्थानों पर इसके लिए सड़कें खोदी गई हैं, वहां काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो।
इसके साथ ही UPCL ने अपने कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। बिजली लाइनों पर काम करने वाले लाइनमैन के लिए नई सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। इसके तहत लाइनमैन को बिजली की लाइन ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ने से पहले वीडियो कॉल के माध्यम से जानकारी देनी होगी। काम पूरा करने के बाद पोल से नीचे उतरने की जानकारी भी वीडियो के जरिए देनी होगी। इसके बाद ही शटडाउन वापस लिया जाएगा। माना जा रहा है कि इस व्यवस्था से छोटी-छोटी लापरवाही के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।
UPCL की ओर से कर्मचारियों को समय पर प्रमोशन, भत्ते और अन्य जरूरी लाभ देने की प्रक्रिया को भी समयबद्ध किया जा रहा है। प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी के अनुसार कर्मचारियों और अधिकारियों को समय पर प्रमोशन देने के लिए चयन प्रक्रिया को तय समय में पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।
निगम में स्टाफ स्ट्रक्चर को संशोधित करने का भी फैसला लिया गया है। इसके तहत कांट्रेक्चुअल व्यवस्था को खत्म कर नियमित कर्मचारियों की व्यवस्था करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। स्टाफ स्ट्रक्चर में संशोधन का प्रस्ताव बोर्ड के सामने रखा जाएगा।
कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए निगम ने ‘वित्त, विधि और HR आपके द्वार’ पहल शुरू करने की तैयारी की है। इसके तहत निगम स्वयं कर्मचारियों से संपर्क कर उनकी समस्याओं और जरूरतों का समाधान करेगा। इससे कार्यरत कर्मचारियों के साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
फील्ड स्तर पर काम करने वाले कांट्रेक्चुअल कर्मचारियों के लिए इंश्योरेंस की सुविधा उपलब्ध कराने पर भी काम किया जा रहा है। UPCL की कोशिश है कि सभी कर्मचारियों को बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सके।
इस तरह बिजली लाइनों को भूमिगत करने के साथ-साथ UPCL ने कर्मचारियों की सुरक्षा, प्रमोशन, बीमा और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सुविधाओं को लेकर भी कई स्तरों पर काम शुरू किया है।



