देहरादून पहुंचे कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, चुनावी रणनीति और संगठन को लेकर करेंगे मंथन

देहरादून: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को देहरादून पहुंचे। उनके आगमन पर प्रदेश कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने के लिहाज से उनके इस दौरे को अहम माना जा रहा है।
दौरे के पहले दिन के.सी. वेणुगोपाल जिला एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक ले रहे हैं। इसके अलावा वह जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ भी संगठनात्मक समीक्षा बैठक करेंगे। इन बैठकों में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए ठोस रणनीति तैयार करने पर चर्चा की जाएगी।
बैठक के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे पेपर लीक मामले से जुड़े राष्ट्रव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की प्रगति और संगठनात्मक गतिविधियों की भी समीक्षा की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करेंगे तथा आगामी चुनावी रणनीति को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने कहा कि के.सी. वेणुगोपाल के दौरे से प्रदेश कांग्रेस संगठन और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आएगा तथा पार्टी को आगामी चुनावों के लिए और अधिक मजबूती मिलेगी।



