सिडकुल में काम करने वाली युवती से गैंगरेप, भूरारानी रोड से किया था अपहरण, 3 आरोपी फरार

रुद्रपुर : ऊधम सिंह नगर में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सिडकुल की एक कंपनी में काम करने वाली युवती का आरोप है कि तीन युवकों ने उसे अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी उसे मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोड़कर भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रुद्रपुर कोतवाली के सीओ विभव सैनी के अनुसार पीड़िता शनिवार रात अपनी सहेली और दो अन्य युवकों के साथ भूरारानी रोड पर थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और चारों को रोककर जबरन अपने साथ ले जाने लगे।
चलती बाइक से कूदकर बची सहेली
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि रास्ते में मौका मिलते ही उसकी सहेली और एक युवक चलती बाइक से कूद गए और भाग निकले। इसके बाद आरोपी पीड़िता और दूसरे युवक को लेकर गदरपुर की ओर बढ़ गए। कुछ दूरी पर उन्होंने युवक को उतार दिया और युवती को अपने साथ रखा।
आरोप है कि आरोपियों ने गदरपुर क्षेत्र में ले जाकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। रविवार सुबह तीनों उसे रुद्रपुर के मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोड़कर फरार हो गए।
FIR दर्ज, गठित की गई टीमें
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और बयान दर्ज किए। तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ विभव सैनी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना स्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी।



