
देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग युवक को सड़क पर गिराकर बेरहमी से लात-घूंसों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घटना 9 जून 2026 की रात करीब 10:15 बजे की है। बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की दो कारों में सवार करीब आठ युवक रायपुर क्षेत्र के ऋषि नगर स्थित एक वाइन शॉप के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी एक स्थानीय दिव्यांग युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि कहासुनी के बाद सभी युवक दिव्यांग युवक पर टूट पड़े और उसे सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में युवक को कई चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी कारों में बैठकर सहस्त्रधारा की ओर फरार हो गए।
पीड़ित ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि हमलावर शराब के नशे में थे। उसने घटना का वीडियो और मेडिकल रिपोर्ट भी पुलिस को सौंपते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
मामले में थाना रायपुर प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है। वाहन हरियाणा नंबर के हैं, लेकिन प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उनमें सवार सभी लोग देहरादून के निवासी हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है और जल्द ही सभी को हिरासत में लिया जाएगा।



