
देहरादून। नगर निगम देहरादून की चतुर्थ बोर्ड बैठक में बुधवार को शहर के विकास और जनहित से जुड़े 65 प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान अहम निर्णय लेते हुए किन्नरों द्वारा मांगी जाने वाली बधाई राशि की अधिकतम सीमा 5,100 रुपये तय कर दी गई। निर्धारित सीमा से अधिक धनराशि मांगने की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पर्यावरण मित्रों (सफाई कर्मियों) का मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
हंगामेदार रही बोर्ड बैठक
नगर निगम की बैठक हंगामे के बीच संपन्न हुई। प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। कई बार पार्षद आमने-सामने आ गए, जिसके चलते सभी 65 प्रस्तावों पर चर्चा पूरी नहीं हो सकी।
अब शेष प्रस्तावों पर चर्चा के लिए गुरुवार सुबह 11 बजे से दोबारा बैठक आयोजित की जाएगी।
सफाई कर्मियों का मानदेय 500 से बढ़ाकर 800 रुपये
बोर्ड बैठक में सफाई कर्मियों का दैनिक मानदेय 500 रुपये से बढ़ाकर 800 रुपये करने का प्रस्ताव पास किया गया। साथ ही प्रत्येक वार्ड में पर्यावरण मित्रों का समान वितरण सुनिश्चित करने की घोषणा की गई।
पिछली बैठक में नहीं मिल पाई थी मंजूरी
किन्नरों की ओर से मांगी जाने वाली मनमानी धनराशि को लेकर कई पार्षदों ने प्रस्ताव रखा। इस मुद्दे पर लंबी चर्चा के बाद 5,100 रुपये की अधिकतम सीमा तय की गई। गौरतलब है कि यह प्रस्ताव पिछली बोर्ड बैठक में भी लाया गया था, लेकिन तब इसे मंजूरी नहीं मिल पाई थी।
मेयर ने क्या कहा?
मेयर सौरभ थपलियाल ने बताया, “चतुर्थ बोर्ड बैठक में विभिन्न जनहित के प्रस्तावों पर चर्चा की गई। अधिवेशन में किन्नरों द्वारा मांगी जाने वाली बधाई राशि अधिकतम ₹5,100 निर्धारित करने के प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया है। शेष कार्यवाही गुरुवार को पूरी की जाएगी।”



