पिथौरागढ़ में अवैध स्कूटी रेंटल पर बड़ा एक्शन, डिकॉय ऑपरेशन में दो निजी वाहन सीज

पिथौरागढ़: पर्यटन सीजन के दौरान निजी दोपहिया वाहनों को अवैध रूप से किराये पर चलाने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एआरटीओ प्रवर्तन की टीम ने डिकॉय ऑपरेशन चलाकर ग्राहक बनकर दो निजी स्कूटियां किराये पर लीं और मौके पर ही उन्हें सीज कर दिया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना व्यावसायिक परमिट निजी वाहनों का किराये पर संचालन मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है।
ग्राहक बनकर किया खुलासा
एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल और प्रवर्तन अधिकारी खष्टी वल्लभ जोशी के निर्देशन में विभागीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने ग्राहक बनकर अवैध स्कूटी रेंटल संचालकों से संपर्क किया और वाहन किराये पर लेने की प्रक्रिया पूरी की। जैसे ही बिना वैध अनुमति निजी स्कूटियां किराये पर दी गईं, पहले से तैनात प्रवर्तन दल ने दोनों वाहनों को मौके पर ही सीज कर लिया।
निजी वाहनों का हो रहा था व्यावसायिक उपयोग
जांच में सामने आया कि दोनों स्कूटियां निजी पंजीकरण वाली थीं, लेकिन उनका उपयोग व्यावसायिक रूप से किया जा रहा था। नियमों के उल्लंघन पर वाहन स्वामियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया गया।
पर्यटकों की सुरक्षा से जुड़ा मामला
एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल ने बताया कि पर्यटन सीजन में बड़ी संख्या में पर्यटक पिथौरागढ़ पहुंचते हैं। ऐसे में कुछ लोग निजी स्कूटी और बाइक को अवैध रूप से किराये पर देकर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। इन वाहनों के पास न तो व्यावसायिक परमिट होता है और न ही यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े आवश्यक कानूनी प्रावधान पूरे होते हैं। दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों को कानूनी और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
परिवहन विभाग ने साफ किया है कि अवैध स्कूटी और बाइक रेंटल के खिलाफ डिकॉय ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर कर्मचारी ग्राहक बनकर जांच करेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वाहन सीज करने समेत सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने पर्यटकों से केवल अधिकृत और वैध रेंटल सेवाओं का ही उपयोग करने की अपील की है।



