उत्तराखंड

उत्तराखंड में बारिश का डबल अटैक, 97 सड़कें बंद; आज भी भारी बारिश की चेतावनी

Listen to this article

देहरादून: उत्तराखंड में मॉनसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही भारी बारिश से प्रदेशभर में जनजीवन प्रभावित हो गया है। सोमवार को बारिश के कारण 97 सड़कें बंद हो गईं, जिससे कई क्षेत्रों में यातायात बाधित रहा और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। हालांकि लोक निर्माण विभाग (PWD) ने देर शाम तक 20 सड़कों को खोलने में सफलता हासिल की।

चमोली और बागेश्वर सबसे ज्यादा प्रभावित

लोक निर्माण विभाग के अनुसार सबसे अधिक 29 सड़कें चमोली जिले में बंद हुईं, जबकि बागेश्वर में 20 और पिथौरागढ़ में छह सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं। बागेश्वर में लगातार बारिश को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

नदियां उफान पर, ग्लेशियर ट्रैक बंद

लगातार बारिश के चलते बागेश्वर में सरयू नदी उफान पर बह रही है। कपकोट क्षेत्र में सबसे अधिक 64 मिमी वर्षा दर्ज की गई। धारचूला क्षेत्र में भी बारिश के बाद नदियों और गधेरों का जलस्तर बढ़ गया है। एहतियात के तौर पर पिंडारी, सुंदरढूंगा और कफनी ग्लेशियर ट्रैक 15 सितंबर तक बंद कर दिए गए हैं। वहीं मुनस्यारी-मिलम सड़क भी मलबा आने से कुछ समय के लिए बाधित रही।

6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने आज भी देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत छह जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 11 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

देहरादून में जलभराव और जाम

सोमवार सुबह करीब एक घंटे की तेज बारिश से राजधानी देहरादून के कई इलाकों में जलभराव हो गया। घंटाघर, दर्शनलाल चौक, परेड ग्राउंड और रायपुर रोड सहित कई क्षेत्रों में पानी भरने से यातायात प्रभावित रहा। रिस्पना और बिंदाल नदियां भी उफान पर रहीं। बारिश के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जलभराव वाले क्षेत्रों में कागज की नाव चलाकर सरकार पर तंज कसा।

बारिश के बाद बढ़ी उमस

मंगलवार सुबह हुई बारिश के बाद कुछ समय तक मौसम सुहावना रहा, लेकिन दोपहर में धूप निकलने से उमस बढ़ गई। देहरादून का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं पंतनगर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!