देहरादून के 22 PHC होंगे आयुष्मान योजना से लिंक, ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा 5 लाख तक मुफ्त इलाज

देहरादून। जिले के ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले आयुष्मान कार्डधारकों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही चकराता, कालसी, सहसपुर, डोईवाला, रायपुर और विकासनगर ब्लॉक के 22 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा जाएगा। शासन और स्वास्थ्य महानिदेशालय की सख्ती के बाद सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने संबंधित चिकित्सा अधीक्षकों और प्रभारियों को पांच दिन के भीतर इम्पैनलमेंट की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
इन पीएचसी के आयुष्मान योजना से जुड़ने के बाद ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को इलाज के लिए बड़े अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी। फिलहाल ये स्वास्थ्य केंद्र आयुष्मान योजना से संबद्ध नहीं हैं और यहां भर्ती समेत कई सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में सामान्य मरीजों को भी इलाज के लिए बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।
आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाता है। योजना से पीएचसी जुड़ने के बाद इन केंद्रों पर भी आयुष्मान कार्डधारकों को इसका लाभ मिल सकेगा।
इन 22 पीएचसी को जोड़ा जाएगा
सहसपुर: भगवंतपुर
डोईवाला: भानियावाला, छिद्दरवाला, गुमानीवाला
रायपुर: सरोना, रानीपोखरी
विकासनगर: कटापत्थर, कोटी ढलानी, रुद्रपुर, डाकपत्थर
चकराता: बुलहाड़, मेहरावना, भटाड़, बरोथा, खाबू, कोटी कनासर
कालसी: कालसी, टाइप-ए लखवाड़, टाइप-ए कमला, टाइप-ए पिंगिरी, टाइप-ए बिरमौ, टाइप-ए मुंढान
भर्ती और माइनर ऑपरेशन की सुविधा भी मिलेगी
सीएमओ के मुताबिक इन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी के साथ एक से चार बेड तक की व्यवस्था है। यहां डॉक्टर, फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वॉय और सफाई कर्मी भी तैनात हैं। आयुष्मान योजना लागू होने के बाद इन पीएचसी में डॉक्टर सामान्य मरीजों के साथ माइनर ऑपरेशन की जरूरत वाले मरीजों को भी भर्ती कर सकेंगे।
सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इम्पैनलमेंट की प्रक्रिया में किसी तरह की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले आयुष्मान कार्डधारकों को उनके नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।


