मौसम विभाग का अलर्ट: उत्तराखंड में भारी बारिश के आसार, 2 जिलों में स्कूल बंद

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला हुआ नजर आ रहा है। जाते हुए मानसून के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 26 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में जिलाधिकारियों ने 26 सितंबर, शनिवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।

पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलाधिकारियों की ओर से जारी आदेश के अनुसार, दोनों जिलों में 26 सितंबर को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके मद्देनजर दोनों जिलों में कक्षा एक से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार, 25 सितंबर से एक अक्टूबर तक प्रदेश में, खासकर कुमाऊं क्षेत्र में, हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं।
26 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 27, 28, 29 और 30 सितंबर को भी कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की भी संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 26 से 28 सितंबर के बीच 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।



