उत्तराखंड
केदारनाथ यात्रा मार्ग फिर बना खतरा, पत्थर गिरने से एक की जान गई

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग स्थित हनुमान मंदिर के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने की दर्दनाक घटना सामने आई है। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक और घायल में एक नेपाली मूल का व्यक्ति तथा एक स्थानीय निवासी शामिल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए यात्रा मार्ग के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर पहाड़ी के नीचे संचालित दुकानों और अस्थायी ढांचों को हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।



