उत्तराखंड

मानसून अलर्ट: धारचूला से गुंजी और दारमा घाटी के लिए शाम 4 बजे बाद यात्रा से बचें, प्रशासन की सलाह

Listen to this article

पिथौरागढ़: सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में लगातार हो रही बारिश और आगामी मानसून को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों और यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने धारचूला से गुंजी और दारमा घाटी की ओर अपराह्न 4 बजे के बाद आवाजाही नहीं करने की सलाह दी है।

प्रशासन का कहना है कि व्यास और दारमा घाटी को जोड़ने वाले मार्गों पर भूस्खलन का खतरा लगातार बना रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इन दिनों आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक सीमांत क्षेत्र पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन हजारों लोग आदि कैलाश, ओम पर्वत और पंचाचूली के दर्शन के लिए यात्रा कर रहे हैं। प्री-मानसून बारिश के बीच जल्द ही मानसून भी शुरू होने वाला है, जिससे पहाड़ी मार्गों पर जोखिम बढ़ गया है।

धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि धारचूला-गुंजी और धारचूला-दारमा घाटी मार्ग पर समय-समय पर भूस्खलन की घटनाएं होती रहती हैं। कई स्थानों पर मोबाइल नेटवर्क की सुविधा भी नहीं है, जिससे शाम के समय किसी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

उन्होंने बताया कि खराब मौसम के दौरान यात्रियों और टैक्सी चालकों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी गई है। अत्यंत आवश्यक स्थिति को छोड़कर शाम के समय यात्रा करने से बचने को कहा गया है। इस संबंध में धारचूला, गुंजी और पांगला पुलिस के साथ-साथ छियालेख में तैनात आईटीबीपी को भी पत्र जारी किया गया है।

इस वर्ष आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक करीब 44 हजार यात्रियों के इनर लाइन परमिट जारी किए जा चुके हैं। मानसून शुरू होने तक यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

वहीं लगातार बारिश के कारण जिले की कई सड़कें भी प्रभावित हुई हैं। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार सोबला बॉर्डर रोड समेत दो ग्रामीण सड़कें बंद हैं, जिन्हें खोलने का कार्य जारी है। हाल ही में पंचाचूली मार्ग पर पहाड़ी से मलबा गिरने की घटना में राजस्थान के दो पर्यटकों की मौत हो गई थी, जबकि पांच लोग घायल हुए थे। ऐसे में प्रशासन यात्रियों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!