उत्तराखंड

हेमकुंड साहिब यात्रा में अनुशासन और सौहार्द बनाए रखें, श्रद्धालुओं से ट्रस्ट की अपील

Listen to this article

गोविंदघाट: पवित्र श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान अनुशासन, शांति और आपसी सद्भाव बनाए रखने को लेकर गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से विशेष अपील की है। ट्रस्ट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने कहा कि सभी यात्री धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए श्रद्धा और सम्मान के साथ यात्रा संपन्न करें।

 

ट्रस्ट की ओर से जारी संदेश में बताया गया कि 23 मई से शुरू हुई श्री हेमकुंड साहिब यात्रा में अब तक हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और लगातार बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में यात्रा की गरिमा बनाए रखना सभी यात्रियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

सरदार सेवा सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के वाद-विवाद से बचना चाहिए और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिख धर्म में शस्त्रों का विशेष महत्व है, लेकिन उनका उद्देश्य धर्म की रक्षा करना है, न कि उनका प्रदर्शन या दुरुपयोग। इसलिए श्रद्धालु अनावश्यक रूप से शस्त्र लेकर यात्रा पर न आएं तथा छोटे बच्चों को भी किसी प्रकार के शस्त्र साथ रखने से बचाया जाए।

 

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के रूप में विश्वभर में अपनी विशेष पहचान रखता है। यहां स्थित बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और श्री हेमकुंड साहिब जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं।

 

ट्रस्ट ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए राज्य सरकार एवं प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति में श्रद्धालु कानून अपने हाथ में लेने के बजाय संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें और अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

 

गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!