टनकपुर-बिचई मार्ग पर दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई टैक्सी; चालक की मौत, तीन घायल

चंपावत: चंपावत जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में टैक्सी चालक की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसा टनकपुर-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिचई स्थित सेल्स टैक्स कार्यालय के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट निवासी हरीश (34) पुत्र मोहन राम टैक्सी से सवारियों को छोड़कर टनकपुर लौट रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे उनकी टैक्सी अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैक्सी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चालक को वाहन से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस की सहायता से उप जिला अस्पताल टनकपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार हरीश के सिर में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उनकी मौत हो गई।
ट्रैक्टर सवार तीन लोग घायल
हादसे में ट्रैक्टर चालक दयाराम, उनकी पत्नी रामवती और राजेश्वरी भी घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि चंपावत जिले में लगातार दूसरे दिन बड़ा सड़क हादसा हुआ है। इससे पहले बाराकोट क्षेत्र में कार के खाई में गिरने और आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।



