एसओजी जवान की अचानक मौत से पुलिस महकमे में शोक, जिम में बिगड़ी थी तबीयत

चंपावत: जिले के बनबसा क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। चंपावत एसओजी में तैनात जवान गिरीश भट्ट की जिम में व्यायाम के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, बनबसा निवासी गिरीश भट्ट (38 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय जयदेव भट्ट मंगलवार शाम बनबसा स्थित एक जिम में नियमित रूप से व्यायाम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे असहज महसूस करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें खटीमा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जवान की मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। हालांकि चिकित्सकीय जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
मृतक गिरीश भट्ट चंपावत एसओजी के तेजतर्रार और सक्रिय जवानों में गिने जाते थे। पुलिस के कई महत्वपूर्ण अभियानों में उनकी अहम भूमिका रही थी। उनकी आकस्मिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गिरीश अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। उनका परिवार वर्तमान में बनबसा में रह रहा था, जबकि वे मूल रूप से पिथौरागढ़ जनपद के निवासी थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मृतक के घर पहुंचे तथा परिजनों को सांत्वना दी। पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव सहित पुलिस अधिकारियों, जवानों, व्यापार मंडल और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गिरीश भट्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
बुधवार को बनबसा स्थित शारदा घाट श्मशान में पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के दौरान परिजनों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की आंखें नम नजर आईं।
गिरीश भट्ट की असमय मृत्यु से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा पुलिस महकमा गहरे सदमे में है।



