
राजधानी देहरादून में मानसून के दौरान सड़कों की स्थिति और बारिश से बने गड्ढों को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष, लोक निर्माण विभाग, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में मुख्य अभियंता (नियोजन) इं. राजेन्द्र सिंह सयाना ने 30 जून 2026 को देहरादून शहर के विभिन्न प्रमुख मोटर मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड, देहरादून के अधिशासी अभियंता नीरज कुमार त्रिपाठी समेत मार्गों से संबंधित सहायक अभियंता भी मौजूद रहे। टीम ने शहर के विभिन्न मार्गों की स्थिति का जायजा लेते हुए बारिश के कारण सड़क की सतह पर उभर रहे पॉट होल्स को चिह्नित किया।
निरीक्षण में बसंत विहार से कांवली रोड, बसंत विहार से आईटीबीपी सीमाद्वार मार्ग, सनपार्क इन मोटर मार्ग, जीएमएस रोड से ट्रांसपोर्ट नगर मोटर मार्ग, एमएचएसटीओ (शिमला बाईपास) मोटर मार्ग, टर्नर रोड, हरिद्वार बाईपास से बंगाली कोठी होते हुए मोथरोवाला मार्ग तथा दून यूनिवर्सिटी मार्ग से बंगाली कोठी होते हुए बंजारावाला कारगी मोटर मार्ग शामिल रहे।
बारिश में सड़क सुरक्षा को लेकर PWD गंभीर
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (नियोजन) द्वारा अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बारिश के कारण सड़क की सतह पर बन रहे पॉट होल्स की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में बारिश का दौर जारी है, ऐसे में पॉट होल्स की मरम्मत के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स के माध्यम से पैच वर्क कराया जाए, जिससे मार्गों को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।
निर्माण खंड ने संभाली कमान, त्वरित कार्रवाई के निर्देश
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड देहरादून के अधिशासी अभियंता नीरज कुमार त्रिपाठी की निगरानी में चिह्नित स्थानों पर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। विभाग का फोकस मानसून के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त और सुरक्षित बनाए रखने पर है।
निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई से साफ है कि PWD ने बारिश के कारण सड़कों पर पैदा हो रही समस्या को गंभीरता से लिया है। अब निगाह इस बात पर रहेगी कि चिह्नित पॉट होल्स की मरम्मत कितनी तेजी से पूरी होती है और आम जनता को बारिश के बीच सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा कितनी प्रभावी ढंग से मिलती है।



