उत्तराखंड की महिलाओं के लिए खुशखबरी, रक्षाबंधन पर दो दिन रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा

देहरादून। रक्षाबंधन के पर्व पर उत्तराखंड की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है।
शासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के मुताबिक, इन दोनों दिनों में प्रदेश की महिलाएं उत्तराखंड के भीतर निगम की बसों में 100 प्रतिशत किराया छूट के साथ यात्रा कर सकेंगी।
रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिवार से मिलने के लिए अलग-अलग स्थानों की यात्रा करती हैं। ऐसे में सरकार के इस फैसले से महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षित और सुगम यात्रा के साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी।
शासनादेश में अपर सचिव उत्तराखंड शासन रीना जोशी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा देने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर पड़ने वाले अतिरिक्त व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार की ओर से की जाएगी। परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार का कहना है कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा देना महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।



