उत्तराखंड

बाबा नीब करौरी महाराज के दरबार में भक्तों का रेला, कैंची धाम मेला शुरू

Listen to this article

हल्द्वानी। विश्व प्रसिद्ध Neem Karoli Baba के कैंची धाम स्थापना दिवस मेले का शुभारंभ रविवार सुबह आरती के साथ हो गया। मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं के दर्शन शुरू हो गए और बाबा के दरबार में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। दर्शन के लिए श्रद्धालु लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

 

मेले की पूर्व संध्या से ही देश और विदेश से हजारों श्रद्धालु कैंची धाम पहुंच चुके थे। मंदिर परिसर के बाहर सुबह से ही लंबी लाइनें देखने को मिलीं। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए बाबा के दर्शन का इंतजार करते नजर आए।

 

लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिला पुलिस के अलावा एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, एलआईयू तथा अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है।

 

सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए तीन जिलों के एसएसपी और एसपी, सात अपर पुलिस अधीक्षक, 14 क्षेत्राधिकारी तथा वायरलेस विभाग के अधिकारियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए करीब 1500 से अधिक पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स के जवान लगातार ड्यूटी पर मौजूद हैं। मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, शटल प्वाइंट और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

 

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। कैंची धाम की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीमताल, भवाली, सैनिटोरियम, नैनीताल, खैरना, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और काठगोदाम से नॉन-स्टॉप शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं।

 

प्रशासन के अनुसार निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करने के बाद शटल सेवा के माध्यम से ही कैंची धाम पहुंचना होगा। यातायात संचालन को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष येलो स्टीकर व्यवस्था भी लागू की गई है।

 

एसएसपी नैनीताल ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, धैर्य बनाए रखने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है, ताकि कैंची धाम की यात्रा सभी श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुगम और सफल बन सके।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!