उत्तराखंडपर्यटन

सीएम धामी ने केदारनाथ धाम पहुंचकर किए दर्शन, कपाट खुलने पर की विशेष पूजा-अर्चना

Listen to this article

रुद्रप्रयाग | प्रसिद्ध हिमालयी तीर्थ केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह आठ बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोषों से गूंज उठा। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

सीएम धामी ने की विशेष पूजा-अर्चना

इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धाम पहुंचकर बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

51 कुंतल फूलों से सजा धाम

बाबा केदार के धाम को इस बार लगभग 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु पहले ही केदारपुरी पहुंच चुके थे और कपाट खुलने के इस पावन क्षण के साक्षी बने।

पंचमुखी डोली का भव्य आगमन

कपाट खुलने से पहले बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार शाम लगभग 4:30 बजे धाम पहुंची। यह डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से रवाना होकर 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा करते हुए जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप से होकर केदारपुरी पहुंची।

धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया। डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान 8वीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों और डमरू की गूंज से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

यात्रा और कपाट उद्घाटन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और आईटीबीपी के जवान पूरे क्षेत्र में तैनात रहे ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

यात्रा का विधिवत शुभारंभ

कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हो गया। देशभर से आए श्रद्धालु बाबा केदार की भक्ति में लीन नजर आए।

इस अवसर पर बदरी–केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, पुजारी टी. गंगाधर लिंग, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!