
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह द्वारा पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से दो निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में महत्वपूर्ण परिवर्तन किया गया है। जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक हरिओम राज चौहान को एएचटीयू शाखा, पुलिस कार्यालय से स्थानांतरित कर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर (शहर कोतवाल) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं निरीक्षक प्रदीप पंत को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर से स्थानांतरित करते हुए एएचटीयू (Anti Human Trafficking Unit) शाखा, पुलिस कार्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।
एसएसपी अजय सिंह के इस निर्णय को प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों ही अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अनुभव, कार्यशैली और सख्त छवि के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में शहर की कानून व्यवस्था और एएचटीयू के कार्यों में और अधिक तेजी व प्रभावशीलता देखने को मिलने की उम्मीद है।

पुलिस विभाग में हुए इस बदलाव से स्पष्ट है कि एसएसपी अजय सिंह कानून व्यवस्था को लेकर बेहद गंभीर हैं और समय-समय पर आवश्यक प्रशासनिक निर्णय लेते रहते हैं, जिससे पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनी रहे।



