
देहरादून। राजधानी देहरादून में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर आरटीओ प्रवर्तन विभाग द्वारा शनिवार रात व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा अधिकारी डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में शहर के विभिन्न स्थानों पर सघन अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

इस अभियान में एआरटीओ देहरादून पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रवर्तन दल देहरादून, एआरटीओ विकासनगर अनिल नेगी के नेतृत्व में प्रवर्तन दल विकासनगर तथा परिवहन कर अधिकारी अनुराधा पंत आशारोड़ी एवं समस्त प्रवर्तन टीम मौजूद रही।
रात्रि 9 बजे से शुरू हुआ यह अभियान घंटाघर, ओएनजीसी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाइपास रोड सहित शहर के कई प्रमुख स्थानों पर चलाया गया। सप्ताहांत पर मसूरी और अन्य पर्यटन स्थलों की ओर बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को देखते हुए दिल्ली, हरियाणा एवं अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों के दस्तावेजों की विशेष जांच की गई।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, टेम्परेरी नंबर प्लेट अथवा “AF Applied For” लिखकर संचालित किए जा रहे वाहनों की जांच की गई। इसके अलावा फिटनेस समाप्त वाहनों, रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों, ड्रिंक एंड ड्राइव करने वाले चालकों, स्टॉप लाइन और ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
ओएनजीसी चौक पर अल्कोमीटर के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की गई। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को रोककर चालान की कार्रवाई की गई और उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी भी दी गई।
अभियान के दौरान आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा अधिकारी डॉ. अनीता चमोला स्वयं सड़क पर मौजूद रहीं और पूरी कार्रवाई का निरीक्षण करते हुए प्रवर्तन दलों का नेतृत्व किया। उन्होंने वाहन चालकों को मोटर व्हीकल एक्ट से जुड़े नियमों, रेगुलेशन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया।
पूरे अभियान के दौरान कुल 60 चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 15 वाहनों को सीज किया गया। विभाग की ओर से बताया गया कि आगे भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग वैध दस्तावेजों के साथ वाहन चलाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं, रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके



