उत्तराखंड

उत्तराखंड में फिर दर्दनाक सड़क हादसा, अल्मोड़ा में दो युवकों की गई जान

Listen to this article

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में कफड़खान-सिरकोट-शैल मोटरमार्ग पर शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। गधोली क्षेत्र के सुंदरपुर के पास एक ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर ट्रॉली संख्या UK 02 CA 0073 सड़क पर चढ़ाई चढ़ रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर ट्रॉली कई मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनास्थल दुर्गम और खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ के जवान रस्सियों के सहारे खाई में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को बाहर निकाला।

 

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय उमेश पुत्र रमेश निवासी अजीतपुर, रामपुर (उत्तर प्रदेश) और 26 वर्षीय चत्ते राजी पुत्र गंगा राम निवासी कैलाली (नेपाल) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

 

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खाई से निकालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

 

लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों के बीच स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने, खतरनाक मोड़ों पर क्रैश बैरियर लगाने और सड़क किनारे मजबूत सुरक्षा दीवारें बनाने की मांग की है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!