
झबरेड़ा। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेश पायलट जी की पुण्यतिथि पर झबरेड़ा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। वरिष्ठ समाजसेवी दीपक पंवार एवं सीनियर अधिवक्ता राव बिलावर के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने स्वर्गीय राजेश पायलट को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा वरिष्ठ समाजसेवी राव कुर्बान अली के आवास पर आयोजित हुई। इस अवसर पर राव कुर्बान अली ने कहा कि राजेश पायलट एक सच्चे जननेता, कर्मठ राजनेता और सादगी की मिसाल थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन किसानों, मजदूरों और आम जनता की सेवा के लिए समर्पित किया। उनके विचार और संघर्ष आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
दीपक पंवार ने अपने संबोधन में कहा कि राजेश पायलट की संघर्षशील सोच तथा किसान-मज़दूरों की आवाज़ को बुलंद करने में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उनका जीवन जनसेवा, ईमानदारी और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
सीनियर अधिवक्ता राव बिलावर ने कहा कि आज का दिन प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजेश पायलट का व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा और जनहित के लिए किया गया कार्य युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका जीवन हमें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की सीख देता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय राजेश पायलट को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सुधीर पंवार, विपिन सैनी, मोबिन सभासद, अहसान अलवी, शिवम वर्मा, हाजी समीम, वाजिद अली, अमित कुमार, अक्षय मास्टर जी, शिवम देवपुर, गुलाफाम मलिक, राजेश कुमार, सुरेंद्र प्रधान, यशपाल सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



