उत्तराखंड

बीजेपी नेता विनोद कश्यप हत्याकांड: एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 5 आरोपी सलाखों के पीछे

Listen to this article

देहरादून। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में बीजेपी नेता विनोद कश्यप की हत्या और उसके बाद हुए बवाल के मामले में पुलिस कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने सोमवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, परिजनों को समझाने के बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया।

बताया जा रहा है कि 13 जून की देर शाम खेतों की सिंचाई के लिए पानी लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया था। आरोप है कि पड़ोसी पक्ष के लोग हथौड़े, लाठी-डंडे और बेलचे लेकर बीजेपी नेता विनोद कश्यप के घर में घुस आए और परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में विनोद कश्यप की मौत हो गई, जबकि उनके भाई अशोक, राजेश और भाभी सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था। रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और गांव में प्रदर्शन, आगजनी तथा तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। परिजनों ने भी नाराजगी जताते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। हालांकि पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों द्वारा लगातार समझाने-बुझाने के बाद सोमवार को परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई।

इस मामले में सहसपुर पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रविवार तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि सोमवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

उधर, घटना के बाद आरोपियों के घरों में तोड़फोड़, आगजनी और पुलिस पर पथराव करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि माहौल बिगाड़ने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तीसरे दिन भी गांव में तनाव

विनोद कश्यप की हत्या के तीसरे दिन भी बैरागीवाला गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। गांव में भारी संख्या में पुलिस और पैरामिलिट्री बल तैनात है। गांव की गलियां सूनी नजर आईं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पीड़ित परिवार अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है। परिवार ने एक सदस्य को सरकारी नौकरी, आर्थिक सहायता और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की गई है।

विनोद कश्यप के पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, इसलिए परिवार को सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।

विधायक ने दिया कार्रवाई का भरोसा

सहसपुर विधायक Sahdev Singh Pundir ने कहा कि पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता और अन्य मांगों को लेकर सरकार स्तर पर भी चर्चा की जाएगी।

गौरतलब है कि घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के घरों पर हमला कर तोड़फोड़ और आगजनी की थी। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। पुलिस ने मुख्य आरोपी मासूम के बेटों रज्जाक और जावेद सहित सलमान और शहबाज को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। मामले की जांच जारी है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!