
मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शनिवार को आईटी पार्क में मतदाता जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मतदाता जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि 7 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। जागरूकता रथ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की जानकारी देंगे तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करेंगे।
डीएम ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन कर रहे हैं। इस दौरान नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे, जबकि मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी फार्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकते हैं। जनपद देहरादून की 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,882 मतदेय स्थल हैं तथा 13 लाख 76 हजार 813 मतदाता पंजीकृत हैं। अब तक लगभग 47.96 प्रतिशत मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। साथ ही 35,476 गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी किया जा चुका है।
डीएम आशीष चौहान ने कहा कि अभियान फास्ट ट्रैक मोड में संचालित किया जा रहा है। ऐसे में सभी नागरिक अपने बीएलओ को सहयोग देते हुए गणना प्रपत्र समय पर भरकर जमा करें, ताकि मतदाता सूची का शुद्धिकरण कार्य समयबद्ध रूप से पूरा किया जा सके।

उन्होंने बताया कि मतदाता ईसीआई-नेट प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा और निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर भी सहायता ली जा सकती है।
कार्यक्रम में स्वीप के नोडल अधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढौडियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र प्रसाद देवली, पार्षद संजीव बंसल, पार्षद अभिषेक पंत, बूथ लेवल अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



