सीएम योगी दो दिवसीय दौरे पर यमकेश्वर पहुंचे, पैतृक गांव पंचूर में धार्मिक कार्यक्रम में होंगे शामिल

यमकेश्वर: योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे। यमकेश्वर हेलीपैड पर उनका स्वागत पुष्कर सिंह धामी ने किया।
दौरे के दौरान सीएम योगी सबसे पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी पहुंचे, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जानकारी ली।
बताया जा रहा है कि सीएम योगी और सीएम धामी यमकेश्वर में एक मंदिर के उद्घाटन और मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं। मंदिर परिसर में चार से आठ मई तक धार्मिक अनुष्ठान और कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को महायज्ञ और समापन कार्यक्रम होगा।
इसके बाद सीएम योगी अपने पैतृक गांव पंचूर जाएंगे। पंचूर में स्थापित हरि विष्णु पंचदेव मंदिर में वे धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह मंदिर हाल ही में स्थापित किया गया है और प्राण प्रतिष्ठा समारोह के तहत विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है।
गौरतलब है कि पंचूर गांव पौड़ी जिले के यमकेश्वर क्षेत्र में स्थित है। उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ के पैतृक गांव की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक बढ़ी है। दौरे के समापन के बाद वे शनिवार को वापस लौटेंगे।



