हरिद्वार कांवड़ मेले में दिखी अनोखी झलक, अग्नि-5 मिसाइल थीम वाली कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र

हरिद्वार: कांवड़ मेला-2026 में इस बार शिवभक्ति के साथ राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे श्रद्धालुओं के बीच बहादराबाद टोल प्लाजा के पास अग्नि-5 मिसाइल और भारत की सामरिक शक्ति की थीम पर तैयार की गई विशेष कांवड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
दिल्ली से आए शिवभक्त दीपांशु भोला, राजवीर और हर्ष ने इस अनोखी कांवड़ को तैयार किया है। कांवड़ में तिरंगे के रंगों के साथ अग्नि-5 मिसाइल की प्रतिकृति बनाई गई है, जिसे देखने के लिए राहगीरों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। कई लोग इसके साथ फोटो और वीडियो भी बना रहे हैं।
दीपांशु भोला ने बताया कि यह कांवड़ देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले भारतीय सैनिकों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के शौर्य और देश की रक्षा क्षमता से प्रेरित होकर इस बार अग्नि-5 मिसाइल की थीम चुनी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के प्रशंसक हैं और इससे पहले वर्ष 2025 में भी विशेष थीम पर आधारित कांवड़ लेकर आए थे।
कांवड़िए राजवीर ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शिवभक्ति के साथ-साथ युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को बढ़ावा देना और देश की सुरक्षा में लगे जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करना है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल की थीम पर कांवड़ तैयार की थी, जबकि इस बार भारत की बढ़ती सामरिक क्षमता और आत्मनिर्भर रक्षा शक्ति को दर्शाने के लिए अग्नि-5 मिसाइल की थीम चुनी गई है।
कांवड़ यात्रा के दौरान हर वर्ष अलग-अलग थीम पर बनी कांवड़ श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित करती हैं। इस बार अग्नि-5 थीम वाली कांवड़ श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति का संदेश देती नजर आ रही है। यात्रा मार्ग पर जहां-जहां यह कांवड़ पहुंच रही है, वहां श्रद्धालु और स्थानीय लोग इसे देखने के लिए रुक रहे हैं और भारतीय सेना के प्रति सम्मान व्यक्त कर रहे हैं।



