देहरादून में बारिश का अलर्ट, स्कूल भी रहे बंद; डीएम ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के बीच मौसम विभाग की ओर से लगातार अलर्ट जारी किए जा रहे हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए देहरादून के जिलाधिकारी ने 18 अगस्त को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार, देहरादून जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा। प्रशासन ने संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड के लिए 23 अगस्त तक मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में नदी-नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। इससे सड़क मार्ग प्रभावित होने के साथ ही लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। निचले इलाकों, नदी-नालों और पुलों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
बारिश के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
खिड़की और दरवाजे ठीक से बंद रखें।
बिजली के उपकरणों को स्विच ऑफ रखें।
नालियों और गटर को साफ रखें, ताकि जलभराव न हो।
पानी भरे इलाकों से दूरी बनाए रखें।
नदियों, नालों, पुलों और निचले इलाकों में जाने से बचें।
वाहन चलाते समय गति धीमी रखें और पानी भरी सड़कों पर जाने से बचें।
बिजली के तारों, खंभों और टूटे पेड़ों से दूर रहें।
बाहर निकलते समय छतरी या रेनकोट साथ रखें।



