उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। मैदानी इलाकों के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं से लोग परेशान हैं। ऐसे में मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदलने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 22 मई को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना है। विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक इन जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में बदलाव का असर खासतौर पर पर्वतीय इलाकों के तापमान पर देखने को मिलेगा, जहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने यह भी अनुमान जताया है कि अगले तीन दिनों के बाद प्रदेशभर के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे मैदानी इलाकों में भी लोगों को राहत मिलने की संभावना है।



