2% बढ़ा महंगाई भत्ता: कर्मचारियों-पेंशनरों को 60% DA, 1 जनवरी 2026 से लागू

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते (DA) में 2% की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। अब महंगाई भत्ता 58% से बढ़ाकर 60% प्रतिमाह कर दिया गया है, जो 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगा।
राज्य में करीब दो लाख से अधिक कर्मचारी और लगभग डेढ़ लाख पेंशनर/पारिवारिक पेंशनधारी इस फैसले से लाभान्वित होंगे।
जनवरी से देय अंतर राशि भी मिलेगी
बढ़ा हुआ DA 1 जनवरी से लागू होने के कारण कर्मचारियों-पेंशनरों को जनवरी से देय एरियर का लाभ भी मिलेगा। हालांकि एरियर भुगतान की प्रक्रिया और तिथि को लेकर शासनादेश (GO) अलग से जारी होगा।
महंगाई के बीच राहत
पश्चिम एशिया में तनाव के चलते ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच सरकार का यह निर्णय राहत भरा माना जा रहा है।
विकास कार्यों के लिए 50 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति
महंगाई भत्ता बढ़ाने के साथ सरकार ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 50 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी है:
कोतवाली पंचेश्वर (चम्पावत): टाइप-II के 6 आवास व चाहरदीवारी निर्माण हेतु ₹3.13 करोड़
फायर स्टेशन हल्द्वानी (नैनीताल): टाइप-II के 64, टाइप-III के 8, टाइप-IV के 4 आवासों हेतु ₹36.64 करोड़
थाना रीठा साहिब (चम्पावत): टाइप-II के 6 और टाइप-III के 1 आवास हेतु ₹3.47 करोड़
मौलेखाल बाजार (अल्मोड़ा): पार्किंग निर्माण हेतु ₹5.91 करोड़
ग्वालदम बाजार (विधानसभा थराली, चमोली): पार्किंग निर्माण हेतु ₹61.57 लाख
सरकार का कहना है कि कर्मचारियों को राहत देने के साथ-साथ बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी फोकस जारी रहेगा।



