उत्तराखंड

कांवड़ मेले के पहले दिन हरिद्वार में धंसी सड़क, गड्ढे में गिरी महिला; CCTV में कैद हुआ हादसा

Listen to this article

हरिद्वार: कांवड़ मेला-2026 के पहले ही दिन हरिद्वार में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। ललतारौ पुल के पास बीच बाजार में अचानक सड़क धंस गई, जिससे वहां से गुजर रही एक महिला यात्री गड्ढे में गिर गई। हादसे में महिला को हल्की चोटें आई हैं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

अचानक धंसी सड़क, मची अफरा-तफरी

 

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह ललतारौ पुल के पास एक होटल के सामने महिला अपने परिजनों के साथ पैदल जा रही थी। जैसे ही उसने सड़क पर कदम रखा, जमीन अचानक धंस गई और वह मिट्टी के साथ गड्ढे में जा गिरी। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत महिला को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि महिला को गंभीर चोट नहीं आई।

 

CCTV में कैद हुई घटना

 

घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें महिला सड़क पर चलते हुए दिखाई देती है। अचानक सड़क धंसती है और वह गड्ढे में गिर जाती है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग सड़क निर्माण की गुणवत्ता व प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल उठा रहे हैं।

 

पानी की लाइन लीकेज बनी वजह

 

लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के लिए गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई और शाम तक गड्ढे को भरकर मार्ग पर आवाजाही सामान्य कर दी गई।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क के नीचे पानी की पाइपलाइन में रिसाव हो रहा था, जिससे मिट्टी कमजोर होकर बैठ गई। इसी कारण दबाव पड़ने पर सड़क धंस गई।

 

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

 

हरिद्वार शहर में पिछले एक वर्ष से नई सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर लाइन बिछाने के बाद कई स्थानों पर सड़कें ठीक से बहाल नहीं की गईं। इससे पहले भी खड़खड़ी और पावन धाम रोड सहित कई इलाकों में सड़क धंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एक माह पहले बारिश के दौरान पावन धाम रोड पर दो ट्रक और एक कार सड़क धंसने से फंस गए थे।

 

कांवड़ मेले में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को देखते हुए इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं।

 

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!